सदर पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार, साइबर ठगी के 20 लाख रुपए से अधिक के बड़े नेटवर्क का खुलासा

(जिला ब्यूरो कार्यालय)
मेरठ (उ०प्र०), 20 लाख रुपए से भी अधिक ठगी के मामले में साइबर सेल और सदर बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी विधायक भोंसले, सीओ क्राईम सौम्या अस्थाना व साईबर सेल प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि साइबर सेल व सदर पुलिस ने 20लाख रूपये से भी अधिक की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफतार कर बड़ा खुलासा किया है । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोदीनगर जनपद गाजियाबाद निवासी शिवांज शर्मा और दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र चंद्र विहार निवासी अर्जुन टांक के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड और दो एमएसएमई क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए है ।और जानकारी में पता चला है कि गिरोह के तार उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, बिहार, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से जुड़े हैं तथा इनके खिलाफ आठ राज्यों में साइबर ठगी की 28 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में अब तक 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और नेटवर्क की जांच जारी है।
