डीआईजी ने कांवड़ मार्ग से मंदिर तक परखी सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुख्ता निर्देश जारी

(जिला ब्यूरो कार्यालय)। मेरठ (उत्तर प्रदेश),कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने रविवार देर रात धरातल पर उतरकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रुड़की रोड, टैंक चौराहा, बेगमपुल और औघड़नाथ मंदिर तक पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान औघड़नाथ मंदिर के कांवड़ कंट्रोल रूम से 17 आईपी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर व आसपास के इलाकों पर रियल-टाइम निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए एंटी सबोटाज चेकिंग टीम, एलआईयू (LIU) और गुंडा दमन दल समेत एंटी रोमियो टीमों को संदिग्ध गतिविधियों, वाहनों और डस्टबिन तक की पड़ताल के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मंदिर परिसर में अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक, निर्धारित पार्किंग स्थलों का पालन और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की सख्त ताकीद की गई है।
