कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के मद्देनजर यातायात एक ओर प्रतिबंधित, अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग व शिविरों का निरीक्षण

(जिला ब्यूरो कार्यालय)
मेरठ(उत्तर प्रदेश), कांवड़ लेकर शिवभक्तों की संख्या बढ़ती देख प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। जहां कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर यातायात एक ओर प्रतिबंधित कर दिया है वहीं शिविरों में भी कांवड़ियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने मोदीपुरम सिवाया टोल प्लाजा से रूड़की रोड़ कंपनी बाग टैंक चौराहे से बेगमपुल , भैंसाली बस स्टैंड, फुटबॉल चौक , दिल्ली चुंगी, रिठानी, परतापुर, मौहद्दीनपुर से गाजियाबाद क्षेत्र मोदीनगर बार्डर तक कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात एक ओर प्रतिबंधित कर दिया है। सिर्फ रोड़ के दूसरी ओर ही टू-वे के तहत चलाया जाएगा। इसकी व्यवस्था सुरक्षित बनाने के लिए 500 बैरियर लगाएं और 500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। और 29 की रात से ही बड़े व्यवसायिक वाहनों को एन एच 58 , दिल्ली रोड , दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे और गंगा नहर की पटरी सहित अन्य कांवड़ मार्गों पर भी प्रतिबंधित कर रूप डायवर्सन कर दिया गया था । जिलाधिकारी वीके सिंह , एस एस पी अविनाश पांडेय , एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले , एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा कांवड़ यात्रा का निरीक्षण किया जा रहा है।और ड्रोन उड़ाकर भी निगरानी कराई जा रही है।
