पुलिस व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी लल्लन सिंह ढ़ेर

(जिला ब्यूरो कार्यालय)
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), जनपद के सरसावा -नकुर रोड़ पर एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह की पुलिस टीम व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह मारा गया। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि बिहार का एक कुख्यात एक लाख का इनामी लल्लन सिंह अपने साथी के साथ सहारनपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सरसावा – नकुर रोड़ पर लगाया गया । बदमाशों की तलाश में लगी पुलिस टीम को 21-22 जून 2026 की रात में एक संदिग्ध बाईक आती दिखी तो पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन बाईक सवार दोनों व्यक्तियों ने भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा जवाबी फायरिंग में एक बाईक सवार घायल हो कर गिर गया। घायल को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।उसका साथी भाग निकलने में कामयाब रहा। प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए घायल की पहचान बिहार के समस्तीपुर जनपद के थाना मौहद्दीन नगर क्षेत्र गांव आन्नदगोलवा निवासी एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश लल्लन सिंह के रूप में हुई । पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल लल्लन सिंह को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । लल्लन सिंह अपने दो भाईयों व गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या ,लूट, डकैती , सरकारी हथियारों की लूट आदि अपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। जिसके कारण वह कई राज्यों की पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। पुलिस से मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी के मारे जाने के बाद पुलिस प्रशासन को राहत की सांस मिली है।
