कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 47 लोगों की मौत; कई इमारतें जमींदोज

कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 47 लोगों की मौत; कई इमारतें जमींदोज

बोगोटा। कोलंबिया में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने व्यापक तबाही मचा दी। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.4 दर्ज की गई। तेज झटकों के कारण कैली समेत कई इलाकों में 20 से अधिक इमारतें ढह गईं, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। समाचार लिखे जाने तक हादसे में 47 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी।

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों और इमारतों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पड़ोसी देशों इक्वाडोर, पनामा और वेनेजुएला में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई।

भूकंप का केंद्र सैन होजे डेल पालमार से करीब 107 किलोमीटर की गहराई में बताया गया। कैली के मेयर एलेजांद्रो एडर ने राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए बोगोटा और मेडेलिन की टीमों से मदद मांगी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पश्चिमी कोलंबिया में इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और मलबे के बीच राहत कार्य चलाए जाने के दृश्य दिखाई दिए।

राहत और बचाव कार्य तेज :

स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दलों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार नुकसान का विस्तृत आकलन अभी जारी है।

हवाई सेवाएं प्रभावित, बिजली-फोन व्यवस्था भी बाधित :

भूकंप के बाद कोलंबिया के छह हवाई अड्डों पर विमान सेवाएं रोक दी गईं। कई शहरों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ मोबाइल और फोन सेवाओं पर भी असर पड़ा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!